
जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव।
सोहरामऊ थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाले हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। भाभी की बेरहमी से हत्या कर फरार हुए देवर को पुलिस ने 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे का सब्बल भी बरामद किया गया है
मामला लालाखेड़ा गांव का है, जहां मंगलवार को मकान के बंटवारे को लेकर देवर रामू और उसकी भाभी सुनीता के बीच कहासुनी हो गई थी। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर रामू ने सुनीता के सिर पर लोहे के सब्बल से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से सुनीता की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिससे गांव में दहशत का माहौल बन गया।
मृतका के पति नरेश ने थाने पहुंचकर अपने ही भाई के खिलाफ हत्या की तहरीर दी, जिसके आधार पर सोहरामऊ पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार दबिश के बाद गुरुवार दोपहर पुलिस ने नयाखेड़ा तिराहे के पास से आरोपी रामू को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया सब्बल भी बरामद कर लिया गया।
थाना प्रभारी अरविन्द पांडेय ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है और मामले की गहन विवेचना जारी है। उन्होंने कहा कि इस जघन्य अपराध में आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस सनसनीखेज गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है, वहीं एक बार फिर संपत्ति विवाद में टूटते पारिवारिक रिश्तों ने समाज को झकझोर कर रख दिया है।

