
कानपुर।।कानपुर नगर के विकास खंड बिधनू अंतर्गत नगवाँ प्राथमिक विद्यालय परिसर में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र गुरुवार को उत्सव के रंग में सराबोर नजर आया। मौका था केंद्र में आने वाली नन्हीं इशिता के चौथे जन्मदिन का। रंग-बिरंगे गुब्बारों और फूलों से सजे केंद्र में जब इशिता ने केक काटा, तो जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी की मौजूदगी ने इस पल को यादगार बना दिया।
बदलती आंगनबाड़ी की सुखद तस्वीर यह आयोजन केवल एक जन्मदिन समारोह नहीं था, बल्कि बदलते आंगनबाड़ी केंद्रों की एक नई और सकारात्मक तस्वीर थी। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह और मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन ने नन्हीं इशिता को उपहार भेंट किए और उसे उज्जवल भविष्य का आशीर्वाद दिया। इस दौरान केंद्र के सभी 27 बच्चे—जिनमें परी, मिस्टी, रूद्र, जयंती और अन्य शामिल थे—बेहद उत्साहित नजर आए। बच्चों के लिए विशेष पकवान, चॉकलेट और टॉफियां बांटी गईं।
बच्चों के बीच पहुँचे अधिकारी जिलाधिकारी और सीडीओ ने न केवल केक काटने की रस्म में हिस्सा लिया, बल्कि बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर उनसे आत्मीय संवाद भी किया। जिलाधिकारी ने कहा कि आज के आंगनबाड़ी केंद्र सिर्फ पोषण वितरण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये बच्चों के सामाजिक और मानसिक विकास की नींव रख रहे हैं। ऐसे आयोजनों से बच्चों में आत्मविश्वास और सुरक्षा की भावना जागृत होती है।
खुशनुमा माहौल में हो रही सीख मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन ने बताया कि प्रशासन का लक्ष्य आंगनबाड़ी केंद्रों के माहौल को पूरी तरह बच्चों के अनुकूल बनाना है। उन्होंने कहा कि जब बच्चे खुश होकर सीखते हैं, तो उनका विकास तेजी से होता है। कार्यक्रम के दौरान सीडीपीओ रत्ना श्रीवास्तव, मुख्य सेविका अनामिका और आंगनबाड़ी कार्यकत्री सुमन ने व्यवस्थाएं संभालीं। अधिकारियों ने केंद्र की अन्य गतिविधियों का भी बारीकी से निरीक्षण किया

