लखनऊ, 17 दिसंबर 2025।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दूरदर्शी नेतृत्व एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की प्रतिबद्धता के तहत उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा मंडल स्तरीय खादी प्रदर्शनी-2025 का आयोजन किया जा रहा है। प्रदर्शनी का उद्घाटन 18 दिसंबर को दोपहर 2:00 बजे प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना द्वारा किया जाएगा। यह आयोजन केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के लखनऊ परिसर, गोमती नगर में आयोजित होगा।
योगी सरकार की आत्मनिर्भर ग्राम्य अर्थव्यवस्था की सोच को धरातल पर उतारते हुए उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा दस दिवसीय मंडल स्तरीय खादी प्रदर्शनी-2025 का आयोजन 18 दिसंबर से 28 दिसंबर तक किया जाएगा। इस प्रदर्शनी में लखनऊ मंडल के खादी एवं ग्रामोद्योग से जुड़े कारीगरों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री का अवसर मिलेगा।
प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य खादी एवं ग्रामोद्योग क्षेत्र से जुड़े कारीगरों, शिल्पकारों और उद्यमियों को सशक्त मंच प्रदान करना है। प्रदर्शनी में खादी वस्त्र, हस्तशिल्प उत्पाद, चमड़े के सामान, मिट्टी के बर्तन, बांस एवं काष्ठ शिल्प, जैविक एवं स्थानीय उत्पादों सहित विविध ग्रामोद्योग उत्पाद एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगे। लगभग 50 स्टॉलों के माध्यम से उपभोक्ता सीधे कारीगरों से उत्पाद खरीद सकेंगे, जिससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त होगी और कारीगरों की आय में वृद्धि होगी।
योगी सरकार की युवोन्मुखी नीतियों के अनुरूप यह प्रदर्शनी युवाओं को ग्रामोद्योग से जोड़ने की दिशा में भी एक प्रभावी पहल है। प्रदेश में खादी एवं ग्रामोद्योग क्षेत्र से लाखों परिवार जुड़े हुए हैं और इस प्रकार के आयोजन ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान को मजबूती प्रदान करते हैं। यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन, पलायन रोकने और सतत विकास को बढ़ावा देने में सहायक सिद्ध होगी।
प्रदर्शनी के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं कार्यशालाओं का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें कारीगर अपनी पारंपरिक कला, तकनीक और अनुभव साझा करेंगे। खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा प्रदेश भर में मंडल स्तर पर इस प्रकार की प्रदर्शनियों का आयोजन किया जा रहा है, जो योगी सरकार की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने की नीति का सशक्त उदाहरण है।



