लखनऊ। राजधानी के गोमतीनगर इलाके में उस समय हड़कंप मच गया जब रिटायर्ड IAS प्रीतम सिंह के घर के बाहर एक महिला का शव अजीब ढंग से रखा मिला। शव को सड़क किनारे नाली के पास दीवार के सहारे बैठी हुई अवस्था में रखा गया था, जिसे देखकर लोगों को घंटों तक लगा कि कोई महिला बैठी है। जब वह दोपहर तक हिली नहीं तो आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
शरीर पर चोट और घसीटे जाने के निशान
पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि यह किसी महिला की डेडबॉडी है। उसके शरीर पर चोटों के कई निशान थे और पूरे शरीर पर मिट्टी लगी हुई थी, जिससे स्पष्ट है कि उसे किसी स्थान से घसीटकर लाया गया था। पैरों में खरोंच और पकड़ने के निशान भी मिले हैं। पुलिस का मानना है कि महिला की कहीं और हत्या की गई और फिर शव को यहां फेंककर रखा गया।

परिजनों ने की पहचान—निशातगंज निवासी रेखा
पुलिस की शुरुआती जांच में महिला की पहचान अलीगंज सेक्टर-B निवासी रेखा वर्मा के रूप में हुई है। रेखा रविवार सुबह 11 बजे बिना बताए घर से निकली थीं, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटीं।
एसीपी गोमतीनगर के अनुसार, रेखा का भाई राकेश ने शव की पहचान की। परिवार ने बताया कि रेखा निशातगंज के एक लड़के के संपर्क में थीं, लेकिन उसका नाम घरवालों को नहीं पता था। पुलिस उस युवक को भी शक के दायरे में रखते हुए तलाश कर रही है।
हत्या की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
परिजनों की तहरीर पर पुलिस हत्या का मुकदमा दर्ज करने की तैयारी कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
CCTV फुटेज खंगाले जा रहे, फोरेंसिक टीम मौके पर
इंस्पेक्टर ब्रजेश तिवारी ने बताया कि आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि शव को लाने वाले व्यक्ति या वाहन की पहचान की जा सके। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर जांच कर अहम साक्ष्य जुटाए हैं।

