
संवाददाता सचिन पाण्डेय
उन्नाव/चकलवंशी। आसीवन थाना क्षेत्र के महोलिया गांव में सोमवार रात एक शादी समारोह उस समय सनसनीखेज मोड़ ले लिया जब डीजे की धुनों पर नाचते समय दूल्हे के भाई की कमर से तमंचा गिर पड़ा। घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
कैसे हुआ पूरा मामला
गांव निवासी राम खेलावन की बेटी की बारात फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र के कठिगरा गांव से आई थी। द्वारचार का कार्यक्रम चल रहा था और बाराती DJ पर जमकर थिरक रहे थे। इसी दौरान दूल्हे का भाई अनमोल भी दोस्तों के साथ डांस कर रहा था।
नाचते-नाचते अचानक उसकी कमर में छुपाया गया तमंचा जमीन पर गिर पड़ा। हथियार देखते ही कुछ लोग घबरा गए और अफरा-तफरी मच गई। अनमोल ने बिना हिचकिचाहट तमंचा उठा लिया और फिर कमर में खोंस लिया।
पुलिस की कार्रवाई
मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने युवक को पकड़ लिया। पूछताछ और तलाशी के बाद पुलिस ने अनमोल को गिरफ्तार करके आर्म्स एक्ट में केस दर्ज कर लिया।
मेहमान हैरान, शादी में कुछ देर तक अफरा-तफरी
घटना इतनी अचानक हुई कि मेहमानों में खामोशी छा गई। कुछ देर तक डीजे बंद रहा और समारोह में खलल पड़ गया। बाद में स्थिति सामान्य होने पर कार्यक्रम पुनः शुरू हुआ।


