
जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि एसआईआर को लेकर जो दुष्प्रचार फैलाया जा रहा है, वह बताता है कि आगामी चुनाव में हार का भय विपक्ष के चेहरे पर साफ-साफ पढ़ा जा सकता है। उन्होंने बिहार में राजग को मिले जनसमर्थन का हवाला देते हुए कहा कि “वह माहौल अब यूपी में भी नजर आ रहा है।”
डिप्टी सीएम ने कहा — “अखिलेश यादव को इसलिए पीड़ा हो रही है क्योंकि उन्हें अपना भविष्य साफ दिख रहा है। प्रदेश की जनता माफियाराज-गुंडाराज वाली सरकार कभी स्वीकार नहीं करेगी।”
उन्होंने दावा किया कि 2017 से पहले यूपी की पहचान गुंडई से थी, लेकिन आज चर्चा विकास की होती है। “वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया” का दौर खत्म हो चुका है, अब योगी सरकार में माफिया सलाखों के पीछे है।
विशेषज्ञ डॉक्टर्स की कमी पर भी प्रतिक्रिया
पत्रकारों ने जब उन्नाव जिला अस्पताल में हृदयरोग विशेषज्ञ व विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी और ट्रॉमा सेंटर संचालन पर सवाल उठाया तो डिप्टी सीएम ने कहा: “पूरे प्रदेश में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी है। यदि कोई पांच लाख रुपये मानदेय पर सेवाएं देना चाहता है, प्रस्ताव भेजें—तुरंत तैनाती कर दूंगा।”
उन्होंने स्पष्ट कहा कि योग्य चिकित्सक इच्छुक हों तो आवेदन करें, सरकार स्थानिय तैनाती के लिए तैयार है।
आरक्षण व सामाजिक प्रतिनिधित्व पर बयान
आरक्षण पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार संविधान के अनुसार काम कर रही है “अनुसूचित व पिछड़े वर्ग को प्राथमिकता देकर मुख्यधारा में लाने का कार्य जारी है।”
उन्होंने मतदाताओं को एसआइआर फॉर्म वितरित किए और जनता से संवाद भी किया।
कार्यक्रम में यह नेता रहे मौजूद
सांसद डॉ. सच्चिदानंद हरि साक्षी महाराज सदर विधायक पंकज गुप्ता
भाजपा जिले व संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी
डिप्टी सीएम सिविल लाइन में भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी के आवास पर मीडिया से बातचीत के बाद कानपुर रवाना हुए।

