
कानपुर देहात।।इश्क, जुनून और अंधविश का ऐसा खौफनाक खेल सामने आया है जिसे सुनकर आपकी रूह कांप जाएगी। एक तरफा प्यार में पागल युवक अपनी प्रेमिका को ‘वशीकरण’ से पाना चाहता था, लेकिन उसे क्या पता था कि जिस तांत्रिक दोस्त पर वह भरोसा कर रहा है, वही उसकी जान का सौदागर बन जाएगा।
कानपुर देहात की शिवली पुलिस ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी को महज 72 घंटे में सुलझाते हुए एक शातिर हत्यारे को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने इस सफल खुलासे पर पुलिस टीम को 11,000 रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।

क्या है पूरा मामला?
मृतक राजाबाबू (निवासी अरसदपुर) एक लड़की से एकतरफा प्रेम करता था। लड़की की शादी अप्रैल 2025 में कहीं और हो गई, जिससे राजाबाबू डिप्रेशन में रहने लगा। इसी दौरान उसकी मुलाकात नीलू गौतम (25 वर्ष) से हुई, जो खुद को ‘भगत’ बताता था और वशीकरण का दावा करता था।
अंधविश्वास का खूनी खेल आरोपी नीलू ने पुलिस पूछताछ में जो खुलासा किया, वह चौंकाने वाला है:
राजाबाबू अपनी प्रेमिका को वश में करने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार था।
नीलू ने पहले उससे 36 हजार रुपये ठगे। जब बात नहीं बनी, तो उसने ‘बड़ी पूजा’ के नाम पर 2 लाख रुपये की मांग की।
राजाबाबू जैसे-तैसे 1.50 लाख रुपये का इंतजाम करके 24 नवंबर को नीलू के पास पहुंचा।
शराब, सुसाइड नोट और कत्ल घटना वाली रात (27 नवंबर), दोनों ने औनाहां के पास शराब पी। इसके बाद वे सैयद बाबा मजार के पास सुनसान जगह गए।
साजिश: नीलू ने राजाबाबू से एक कागज पर लिखवाया- “गुड़िया मेरी जिंदगी है, मैं अपनी जिंदगी दांव पर लगा रहा हूं…” ताकि हत्या आत्महत्या लगे।
वारदात: राजाबाबू को ज्यादा शराब पिलाकर बेहोश किया गया। इसके बाद नीलू ने चाकू से उसके सीने पर कई वार किए।
गुमराह करने की कोशिश: शव के पास ब्लेड और खून से सना सुसाइड नोट रखकर इसे आत्महत्या का रूप दिया गया।
लूट और जुआ हत्या के बाद आरोपी नीलू, राजाबाबू का 1.50 लाख रुपये कैश, मोबाइल और बाइक लेकर फरार हो गया। हत्यारे की निर्दयता देखिए, उसने मृतक के पैसे से अगले ही दिन कानपुर जाकर 50 हजार रुपये का जुआ भी खेल लिया, जिसमें वह हार गया।
पुलिस की शानदार कार्रवाई वादी संतराम की तहरीर पर शिवली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। सर्विलांस और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी नीलू उर्फ छोटे को गिरफ्तार कर लिया।
बरामदगी: आला कत्ल (चाकू), मृतक की बाइक, लूटा हुआ मोबाइल, तांत्रिक क्रिया का सामान और 1 लाख रुपये नकद।
इन धाराओं में गया जेल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 103(1), 238(क), 309(6), 317(2) के तहत कड़ी कार्रवाई की है।

