
जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव। उन्नाव जिले में एक बार फिर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। फेसबुक पर उन्नाव के जिलाधिकारी (डीएम) गौरांग राठी के नाम से एक फर्जी आईडी बनाई गई है, जिसने सोशल मीडिया पर हड़कंप मचा दिया है। पिछले चार से छह दिनों में इस फर्जी अकाउंट ने लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी और काम कराने के बहाने ठगी का प्रयास किया। सोशल मीडिया पर एक यूजर ने इस फर्जी बातचीत को सार्वजनिक किया, जिसके बाद यह आईडी ट्रोल होने लगी।
प्रशासनिक अफसरों ने इस मामले में तुरंत कार्रवाई की और लोगों से अपील की है कि वे इस फर्जी आईडी के झांसे में न आएं और किसी भी संदिग्ध संदेश पर विश्वास न करें। डीएम गौरांग राठी ने इस मामले की शिकायत साइबर थाने में दर्ज कराई है, और साइबर टीम फर्जी अकाउंट के लोकेशन का पता लगाने में जुटी है।
डीएम के स्टेनो ने स्पष्ट किया कि वायरल हो रही आईडी पूरी तरह से फर्जी है और उनका कोई इससे संबंध नहीं है। वहीं, साइबर प्रभारी राजेश पाठक ने कहा, “यदि जिलाधिकारी के नाम से कोई भी आईडी चल रही है, तो हम तत्काल रिपोर्ट दर्ज कर उसे बंद कराएंगे।”
यह घटना करीब एक साल पहले हुई एक समान घटना की याद दिलाती है। तब भी एक हैकर ने डीएम गौरांग राठी के नाम से एक फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर एक युवक शिवम को फोन किया था और खुद को जिलाधिकारी बताकर उसके परिवार का हाल-चाल पूछा था। उस बातचीत का ऑडियो-वीडियो वायरल हो गया था, और साइबर पुलिस ने जांच शुरू की थी, लेकिन उस समय भी कोई ठोस परिणाम नहीं निकल सका था।
अब फिर वही तरीका अपनाया गया है, जिससे एक बार फिर साइबर अपराधी सक्रिय हो गए हैं। प्रशासन ने इस बार और सख्ती से कार्रवाई करने का निर्णय लिया है ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके।



