
संवाददाता सचिन पाण्डेय
उन्नाव। नवाबगंज के राजमार्ग पर शुक्रवार सुबह एक ऐसा सड़क हादसा हुआ जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। टोल प्लाजा के पास दो बाइकों की भीषण भिड़ंत में 60 वर्षीय वृद्धा और 17 वर्षीय किशोर खून से लथपथ सड़क पर गिर पड़े। कुछ ही मिनटों में आसपास अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने घायलों को संभालने के लिए दौड़ लगा दी।
भजनखेड़ा निवासी 17 वर्षीय दीपांशु अपने भाई अमन के साथ बाइक से डीज़ल लेने गया था। लौटते समय अचानक सामने से आ रही बाइक से उसकी इतनी जबरदस्त टक्कर हुई कि दोनों वाहन कई मीटर दूर जाकर गिर पड़े। दूसरी बाइक पर सवार माखी की 60 वर्षीय फूलकली पत्नी शिवपाल सिर और पैर में गंभीर चोटों के साथ सड़क पर तड़पती मिलीं।
चश्मदीदों ने बताया कि टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। राहगीरों ने तुरंत मदद की, लेकिन घायलों की हालत देखकर सभी दहल उठे।
सूचना मिलते ही एनएचएआई की एंबुलेंस मौके पर दौड़ी और गंभीर रूप से घायल फूलकली तथा दीपांशु को सीएचसी ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद तुरंत जिला अस्पताल रेफर कर दिया, क्योंकि दोनों की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों ने कहा कि टोल प्लाजा के आसपास रफ्तार नियंत्रित करने के कोई प्रभावी इंतज़ाम नहीं हैं। “हर दूसरे दिन यहां हादसा होता है… कब जागेगा प्रशासन?” लोगों का यही सवाल है।
इस हादसे ने फिर साबित कर दिया कि तेज रफ्तार सिर्फ लापरवाही नहीं, जानलेवा खतरा है।
सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूक होना अब सिर्फ ज़रूरी नहीं, मजबूरी बन चुका है।



