
खागा/फतेहपुर।। किशनपुर थाना पुलिस ने ग्राहक सेवा केंद्र (CSC) से हुई दो बड़ी चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी सुनील केसरवानी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी 25-26 नवंबर 2025 की रात गोदौरा मार्ग पर पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश कर रहा था, तभी हुई जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाना प्रभारी सत्यदेव गौतम ने बताया कि अभियुक्त सुनील केसरवानी (उम्र 22 वर्ष, निवासी पुरानी बाजार, खखरेरू) पर दो गंभीर चोरी के मामले दर्ज थे। पहला मामला 12 नवंबर को अकेलवा चौराहा चंदापुर अर्जुनपुर (गढ़ा) स्थित CSC केंद्र से लाखों की चोरी का था, जिसके संबंध में मुकदमा संख्या 279/2025 दर्ज हुआ था। वहीं दूसरा मामला 20 नवंबर को विजयीपुर चौराहे के CSC केंद्र से चोरी का था, जिसके लिए मुकदमा संख्या 291/2025 पंजीकृत किया गया था।
आरोपी की तलाश में एसओजी, किशनपुर थाना और खखरेरू थाना पुलिस की संयुक्त टीम 25-26 नवंबर की रात गोदौरा मार्ग पर संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान विजयीपुर रोड से दोपहिया वाहन पर आते एक युवक को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन वह वाहन मोड़कर तेजी से भागने लगा। कुछ दूरी पर बाइक अनियंत्रित होकर गोदौरा गांव के पास एक बाग में गिर गई। पुलिस से घिरा देखकर आरोपी ने टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी गोली चलाई, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई और वह मौके पर ही पकड़ा गया। उसकी तलाशी में चोरी की भारी मात्रा में सामग्री और नकदी बरामद हुई।
बरामद सामान में 3,39,200 रुपये नकद, दो लैपटॉप, एक वीवो मोबाइल, 19 तरह के कार्ड (डेबिट, क्रेडिट, आधार आदि), 315 बोर का तमंचा, एक खोखा, एक मिस फायर और एक जिंदा कारतूस शामिल हैं। इसके अलावा 800 रुपये नकद, एक और मोबाइल तथा UP71Q5923 नंबर की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
घटना के संबंध में किशनपुर थाने में मुकदमा संख्या 296/2025 धारा 109 बीएनएस एवं 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत नया अभियोग दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक ने चोरी की वारदातों का खुलासा करने और आरोपी की गिरफ्तारी में शामिल पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया है



