
संवाददाता सचिन पाण्डेय
पाटन (उन्नाव)। तहसील बीघापुर क्षेत्र के कस्बा पाटन स्थित राजकीय बीज भंडार वर्षों से जर्जर हालत में संचालित हो रहा है। दीवारों के टूटने, छज्जों के लटकने और जगह-जगह प्लास्टर झड़ने के बावजूद यहां बीज वितरण कार्य जारी है। इससे कर्मचारियों, अधिकारियों और किसानों की सुरक्षा पर लगातार खतरा मंडरा रहा है।
किसानों ने बताया कि इस भवन की मरम्मत वर्षों से नहीं हुई और न ही इसे बंद किया गया। जबकि शासन ने लगभग दो वर्ष पहले नया बीज गोदाम बनवाकर विभाग को हैंडओवर भी कर दिया था। मगर मुख्य मार्ग से नए भवन तक पक्का रास्ता न बनने के कारण उसका उपयोग शुरू नहीं हो सका है।
स्थानीय किसानों ने विभागीय लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए कहा कि करोड़ों रुपये की लागत से बना नया गोदाम वीरान पड़ा है, जबकि पुराने जर्जर भवन में कार्य कराया जाना सीधे जन सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है। किसानों ने सवाल उठाया कि क्या विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? क्या दुर्घटना के बाद ही नया मार्ग बनाया जाएगा?
किसानों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि नए गोदाम तक सड़क निर्माण जल्द करवाया जाए और जर्जर भवन में चल रहे कार्य को तत्काल रोका जाए, ताकि किसी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके।



