
कानपुर।। कानपुर देहात में एक दर्दनाक घटना सामने आई है।पुखरायां कस्बे के किसान सेवा आश्रम के निकट ई रिक्शा पलटने से एक महिला की मौत हो गई वहीं उसका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अग्रिम कार्यवाही में जुट गई है।
मृतका की पहचान मूसानगर थाना क्षेत्र के सराय गांव निवासी 32 वर्षीय रीता के रूप में हुई है।मृतका के पति उदयदीप ने बताया कि रीता अपने 9 वर्षीय बेटे अंश के इलाज के वास्ते पुखरायां सीएचसी गई थी।इलाज के उपरांत वह ई रिक्शा से अपने घर लौट रही थी तभी रास्ते में किसान सेवा आश्रम के पास ई रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट जाने से मां,बेटे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।राहगीरों ने उन्हें आनन फानन में उपचार के लिए पुखरायां सीएचसी में भर्ती कराया।
जहां पर शाम करीब चार बजे इलाज के दौरान रीता की मौत हो गई।ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर गोविंद प्रसाद ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।मृतका के पति उदयदीप खेती किसानी का काम करते हैं।रीता की मौत से पुत्रों आयुष,अंश समेत परिजनों का बुरा हाल था।सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।प्रभारी निरीक्षक अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।

