
जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव।।नवाबगंज दिनदहाड़े हुई टप्पेबाजी की एक सनसनीखेज वारदात ने बाजार के व्यापारियों में हड़कंप मचा दिया है। नवाबगंज के सदर बाजार में एक महिला ग्राहक बनकर विशाल ज्वैलर्स की दुकान में दाखिल हुई और दुकानदार की ज़रा-सी लापरवाही का फायदा उठाते हुए सोने के टॉप्स पर हाथ साफ कर गई। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में साफ-साफ कैद हो गई है।
फुटेज में दिखाई दे रही महिला नीले रंग का सलवार सूट पहने हुए है। उसकी उम्र करीब 45 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। सीसीटीवी में महिला बेहद शातिर अंदाज़ में गहनों को देखने का नाटक करती नजर आती है, और दुकानदार जैसे ही दूसरे ग्राहक की ओर मुड़ता है, वह मौके का फायदा उठाकर एक जोड़ी सोने के टॉप्स अपने पास छिपा लेती है। कुछ ही मिनटों में महिला दुकान से ऐसे निकल जाती है मानो कुछ हुआ ही न हो।
दुकानदार को जब स्टॉक मिलान के दौरान गहनों की कमी का पता चला तो उसने तुरंत सीसीटीवी फुटेज खंगाला। फुटेज में महिला की हर हरकत साफ दिखाई दी। व्यापारी ने मामला स्थानीय पुलिस को सूचित कर दिया है और संदिग्ध महिला की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी है, ताकि जल्द उसकी पहचान हो सके।


