
संवाददाता इरफान कुरैशी,
लखनऊ। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के अंतर्गत थाना कैसरबाग पुलिस को चोरी की एक बड़ी वारदात का 12 घंटे के भीतर खुलासा करने में सफलता मिली है। पुलिस ने लगभग 7 लाख रुपये के चोरी किए गए आभूषणों सहित एक अभियुक्ता घरेलू सहायिका को गिरफ्तार किया है। श्रीमती राधा अग्रवाल की शिकायत पर थाना कैसरबाग में चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने बताया था कि उनके घर से आभूषण और नकदी चोरी हो गई है।
उच्चाधिकारियों के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने जांच शुरू की। संदिग्ध घरेलू सहायिका साक्षी सागर उम्र करीब 22 वर्ष को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान, उसने लालच में आकर चोरी की बात कबूल की और बताया कि उसने चोरी के आभूषण अपने किराये के मकान में बेड पर रखी पेटी के नीचे छिपा रखे हैं।
अभियुक्ता की निशानदेही पर पुलिस ने 11.420 ग्राम की चेन, 11.340 ग्राम का मंगलसूत्र, 9.860 ग्राम की दो अंगूठियां और 3 ग्राम के इयररिंग्स सहित कुल लगभग 7 लाख रुपये मूल्य के आभूषण बरामद किए।
गिरफ्तार अभियुक्ता को नियमानुसार विधिक कार्यवाही हेतु मा. न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। इस सफलता में कैसरबाग थाना प्रभारी अंजनी कुमार मिश्र के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




