
संवाददाता इरफान कुरैशी,
लखनऊ। लखनऊ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत, महिला सुरक्षा को सुनिश्चित करते हुए, थाना महानगर पुलिस और एंटी रोमियो टीम ने एक महिला यात्री के साथ अभद्रता करने और उसे गलत रास्ते पर ले जाने के आरोप में एक रैपिडो कैब चालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी चालक ने पुलिस टीम के सामने भी उग्र होकर शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास किया।
घटना 08 अक्टूबर 2025 की रात्रि लगभग 10:00 बजे की है। पीड़िता ने रैपिडो ऐप के माध्यम से लखनऊ यूनिवर्सिटी से सुशान्त गोल्फ सिटी जाने के लिए कैब (वाहन सं0- UP32LN8933) बुक की थी। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि कैब चालक ने जानबूझकर उसे गलत रास्ते पर ले जाना शुरू कर दिया। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो चालक ने उनसे कहासुनी की और अभद्रतापूर्ण व्यवहार करते हुए उन्हें बीच रास्ते (विवेकानंद अस्पताल के पास) में ही छोड़कर भाग गया। इसके बाद पीड़िता ने अपने परिजनों से संपर्क कर मदद ली।
पीड़िता द्वारा 09 अक्टूबर 2025 को थाना महानगर पर प्रार्थना पत्र दिया गया। सूचना मिलते ही, मिशन शक्ति टीम सक्रिय हो गई। उ0नि0 दीप्ती, म०उ०नि० रश्मि सिंह और उ0नि0 श्री महेश कुमार शुक्ला के नेतृत्व में टीम ने ई-चालान ऐप की मदद से वाहन नंबर के आधार पर तुरंत चालक का विवरण और संपर्क नंबर हासिल कर लिया।
चालक को पूछताछ के लिए थाना महानगर बुलाया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी उग्र हो गया और पुलिस के समझाने के बावजूद आक्रामक होकर झगड़े पर उतारू हो गया।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने आरोपी चालक राहुल अग्निहोत्री (पुत्र स्व० बालगोविंद, उम्र करीब 38 वर्ष, निवासी एकतानगर, थाना पीजीआई, लखनऊ) को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170/126/135 के अंतर्गत तत्काल गिरफ्तार कर लिया।



