
ब्यूरो ऋषभ तिवारी
बांगरमऊ, उन्नाव।
बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र में आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड के किनारे एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ है। मृतक के सर पर गंभीर चोट के निशान हैं । पुलिस का अनुमान है कि मार्ग दुर्घटना में उसकी मौत हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया। किंतु मृतक की पहचान नहीं हो सकी। अंततः पुलिस ने अज्ञात में ही शव पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है।
आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे की हवाई पट्टी के समानांतर सर्विस रोड पर स्थित गांव शीतल गंज के निकट ग्रामीणों ने रविवार की सुबह एक युवक का शव पड़ा हुआ देखा। मृतक के सर पर गंभीर घाव था और शव के पास खून भी पड़ा दिखाई दे रहा था। जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि किसी अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी और भाग निकला। टक्कर से सिर पर गंभीर चोट लगने के चलते घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे कोतवाल चंद्रकांत सिंह और बेहटा मुजावर प्रभारी मुन्ना कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। घटनास्थल के थाना क्षेत्र को लेकर काफी देर तक उहापोह की स्थिति बनी रही। अंततः घटनास्थल बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र में पाया गया। पुलिस ने मृतक की पहचान कराने की कोशिश की। किंतु पहचान ना हो पाने के चलते पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल भेज दिया। थानेदार मुन्ना कुमार ने बताया कि शव पोस्टमार्टम हेतु भेजा जा रहा है। मृतक की पहचान के लिए सोशल मीडिया का भी सहारा लिया जा रहा है।जानकारी जुटाई जा रही है। मृतक मानसिक रूप से विछिप्त प्रतीत हो रहा है।
ग्रामीणों की माने तो लखनऊ आगरा एक्सप्रेसवे के निर्माण के बाद से अब तक इस इलाके में सर्विस लेन पर दर्जन भर शव बरामद हो चुके हैं। जिनमें कुछ की तो शिनाख्त हो गई। लेकिन अधिकांश शवों की अब तक पहचान नहीं हो सकी। खास बात यह है कि हर अज्ञात शव मिलने पर पुलिस यही बताती है कि यह मानसिक रूप से विक्षिप्त रहा होगा। अब सवाल यह उठता है कि जितने भी मानसिक रूप से विक्षिप्त हैं, सभी विक्षिप्त रात को ही इस सर्विस पट्टी पर क्यों चहलकदमी करते हैं ?


