लखनऊ, 08 सितम्बर 2025
लखनऊ स्थित कौशल विकास मिशन मुख्यालय में सोमवार को प्रशिक्षण प्रदाताओं हेतु आयोजित छठवें दिवस की ओरिएंटेशन कार्यशाला की अध्यक्षता अपर मिशन निदेशक प्रिया सिंह ने की। इस अवसर पर उन्होंने प्रशिक्षण प्रदाताओं से प्रत्यक्ष संवाद कर प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं को साझा किया।
अपर मिशन निदेशक ने कहा कि महिला एवं युवा सशक्तिकरण सरकार की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है और इसके लिए मिशन मोड में कार्य हो रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान कर युवाओं को उपयुक्त एवं टिकाऊ प्लेसमेंट दिलाना उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (UPSDM) की प्रमुख जिम्मेदारी है। उन्होंने उद्यमिता विकास पर बल देते हुए कहा कि उद्योगोन्मुख कौशल प्रशिक्षण से युवाओं को उद्योगों में सीधे रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। इससे न केवल युवाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी बल्कि उद्योगों को भी प्रशिक्षित व दक्ष कार्यबल मिलेगा।
प्रिया सिंह ने प्रशिक्षण प्रदाताओं को निर्देशित किया कि वे स्थानीय अस्पतालों एवं उद्योगों के साथ रणनीतिक साझेदारी (MoUs) करें ताकि अधिक से अधिक युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध हो सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मिशन की ओर से प्रशिक्षण की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा।
कार्यशाला के तकनीकी सत्र में मिशन के सहायक प्रबंधक (आईटी) विजय नामदेव ने प्रतिभागियों को मिशन पोर्टल पर उपलब्ध प्रशिक्षण एवं मूल्यांकन संबंधी सुविधाओं और प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी।



