
जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव जनपद के आसीवन थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक 25 वर्षीय युवक का शव आम के पेड़ से लटकता मिला। मृतक की पहचान अरेर खुर्द गांव निवासी जगतपाल के पुत्र जसवंत के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार, जसवंत इंटरमीडिएट तक पढ़ाई कर चुका था। नौकरी न मिलने पर वह मजदूरी के साथ राजमिस्त्री का काम सीख रहा था। गुरुवार सुबह करीब 6 बजे ग्रामीणों ने गांव से लगभग 500 मीटर दूर, मदारपुर कैलई गांव निवासी राम औतार के आम के पेड़ पर उसका शव लटकता देखा।सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे, जिसके बाद करीब 9 बजे आसीवन थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मृतक चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर का था। बड़ा भाई सुमंत और बहनें राधा व संगीता हैं। अविवाहित जसवंत की मौत से मां जगदेई समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।थाना प्रभारी अरविंद कुमार पांडेय ने बताया कि परिजनों ने अभी तक किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

