
संतकबीरनगर। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा कार्यप्रणाली को पारदर्शी और प्रभावी बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार मीना ने बड़े पैमाने पर पुलिस अधिकारियों का स्थानांतरण किया है। इस फेरबदल में निरीक्षकों, उपनिरीक्षकों तथा महिला उपनिरीक्षकों सहित कुल 44 पुलिस अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह स्थानांतरण कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने और पुलिसिंग में गति लाने के लिए आवश्यक था। जिन अधिकारियों का स्थानांतरण हुआ है, उनमें कुछ को महत्वपूर्ण थानों की कमान दी गई है, तो कुछ को अपराध शाखा और विभिन्न पुलिस चौकियों का प्रभार सौंपा गया है।
इस फेरबदल में निरीक्षक विनोद कुमार राय को अपराध निरीक्षक खलीलाबाद, निरीक्षक रामेश्वर यादव को अपराध निरीक्षक धनघटा तथा निरीक्षक ओम प्रकाश यादव को अपराध निरीक्षक मेहदावल की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, महिला उपनिरीक्षक संगीता विश्वकर्मा को महिला थाना और पिंक बूथ खलीलाबाद का प्रभार सौंपा गया है। इसी तरह अंजली सरोज को थाना बखिरा के साथ पिंक बूथ बखिरा तथा शिखा गुप्ता को पिंक बूथ खलीलाबाद का प्रभार सौंपा गया है।
इसके अलावा कई अन्य उपनिरीक्षकों को बखिरा, बेलहरकला, महुली, दुधारा, धर्मसिंहवा, धनघटा समेत विभिन्न थानों और चौकियों पर भेजा गया है। कुछ अधिकारियों को चौकी प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि कुछ को पुलिस लाइन और सुरक्षा संबंधी कार्यों में लगाया गया है।
इस व्यापक फेरबदल के बाद पुलिसिंग की कार्यशैली में तेजी और जनसाधारण को अधिक संवेदनशील व त्वरित पुलिस सेवा मिलने की संभावना जताई जा रही है।



