
संवाददाता सचिन पाण्डेय
उन्नाव/औरास।।कस्बे में अवैध रूप से संचालित पैथोलॉजी लैब के खिलाफ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। अधीक्षक डॉ. अनूप तिवारी के नेतृत्व में टीम ने आकस्मिक निरीक्षण किया, जिसमें इंडियन पैथोलॉजी, एटलस पैथोलॉजी, आर बी पैथोलॉजी सहित कई लैब की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान सभी लैब बिना वैध पंजीकरण के संचालित पाई गईं और वहां आवश्यक दस्तावेज भी नहीं मिले। इस पर डॉ. तिवारी ने सभी लैब को तत्काल प्रभाव से बंद करने के आदेश दिए। टीम में डॉ. इम्तियाज अली, डॉ. अजीत सिंह सहित स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारी शामिल रहे। लैब संचालकों को तीन दिन के भीतर आवश्यक दस्तावेज जमा करने का निर्देश दिया गया है। निर्धारित समय में दस्तावेज न देने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

