
ब्यूरो ऋषभ तिवारी
उन्नाव। अजगैन थाना क्षेत्र के सिंधनापुर गांव में गुरुवार की रात एक ऐसी घटना सामने आई जिसने पूरे गांव को सन्नाटे में डुबो दिया। यहां पत्नी कामिनी ने अपनी ही बेटी के साथ मिलकर पति राजेश (48 वर्ष, पुत्र भवानी) की हत्या कर दी।
करीब पच्चीस साल पहले हुए विवाह के बाद राजेश और उनकी पत्नी का रिश्ता समय के साथ प्रेम प्रसंग की वजह से दरकने लगा। पत्नी के अवैध संबंधों को लेकर घर में अक्सर विवाद होते रहते थे। गुरुवार को भी किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई। इसी दौरान पत्नी ने अपनी बेटी के साथ मिलकर राजेश पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी हसनगंज, अजगैन थाना पुलिस और फील्ड यूनिट टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्यवाही की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
गांव में इस घटना के बाद अविश्वास और सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि राजेश मेहनती और सरल स्वभाव का व्यक्ति था। किसी ने सोचा भी नहीं था कि उसकी हत्या उसी के घर के लोग कर देंगे।
उन्नाव पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि आरोपी पत्नी से गहन पूछताछ की जा रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जाएगी।
यह वारदात सिर्फ एक हत्या नहीं, बल्कि रिश्तों के टूटने और विश्वासघात की एक दर्दनाक तस्वीर है।



