
ब्यूरो ऋषभ तिवारी
उन्नाव (बीघापुर)।।
उन्नाव जिले के बीघापुर तहसील के गांव बड़ी पनई के सपूत मेजर आदित्य प्रताप सिंह को देश का प्रतिष्ठित शौर्य चक्र सम्मानित किया जाएगा। रक्षा मंत्रालय द्वारा 14 अगस्त को जारी गजट में इस बात की आधिकारिक घोषणा की गई है। गजट में प्रकाशित सूची में मेजर आदित्य का नाम शौर्य चक्र विजेताओं की श्रेणी में चौथे स्थान पर दर्ज है।
राजपूताना राइफल्स रेजीमेंट से संबद्ध मेजर आदित्य वर्तमान में 44 असम राइफल्स के साथ पूर्वोत्तर भारत में काउंटर इनसरजेंसी ड्यूटी पर तैनात हैं। चार वर्ष पूर्व, एक महत्वपूर्ण काउंटर इनसरजेंसी एवं काउंटर टेररिज्म ऑपरेशन के दौरान उन्होंने साहसिक रूप से मोर्चा संभालते हुए कई आतंकियों को ढेर कर दिया था। इस मुठभेड़ में वे स्वयं भी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनके इस अद्वितीय साहस और वीरता के लिए वर्ष 2021 में उन्हें *सेना मेडल से नवाजा गया था।
अब शौर्य चक्र जैसे सर्वोच्च वीरता सम्मान की घोषणा से पूरे क्षेत्र में गौरव और हर्ष का वातावरण है। गांव बड़ी पनई में जश्न जैसा माहौल है, जहां ग्रामीण अपने वीर सपूत की इस उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों और प्रशासनिक अधिकारियों ने मेजर आदित्य की इस सफलता को युवाओं के लिए प्रेरणास्त्रोत बताया है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
शौर्य चक्र भारत का तीसरा सबसे बड़ा शांतिकालीन वीरता पुरस्कार है, जो असाधारण बहादुरी और साहसिक कार्यों के लिए प्रदान किया जाता है।

