अमेठी। जिले के जामों थाना क्षेत्र के दुलापुर गाँव में बीती रात अज्ञात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस की गश्त और सुरक्षा दावों की पोल खोल दी। बंद पड़े घर का ताला तोड़कर चोर लाखों रुपये के जेवर व सामान के साथ-साथ 50 हजार रुपये नकद समेट ले गए। घटना से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश फैल गया है।
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित अंशुमान सिंह पुत्र ओमकार सिंह का परिवार लंबे समय से लखनऊ में रहता है। मंगलवार को जब वह घर पहुँचे तो मुख्य दरवाज़े का ताला टूटा मिला। भीतर देखा तो आलमारी और बक्से टूटे पड़े थे, सामान अस्त-व्यस्त था। तत्काल उसने 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी।

पीड़ित के अनुसार, चोर घर से 50 हजार रुपये नगद, सोने की नथ, चाँदी की पायल-पायजेब, दो साड़ियाँ, एक बिछावन, पीतल की थालियाँ-गिलास और अन्य कीमती सामान उठा ले गए। अनुमान है कि चोरी गया माल लाखों रुपये का है।
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुँची और औपचारिकता निभाते हुए जाँच-पड़ताल शुरू कर दी। पीड़ित की लिखित तहरीर पर मामला दर्ज हो चुका है, मगर अब तक चोरों का कोई सुराग हाथ नहीं लगा।
ग्रामीणों का आरोप है कि बीते कई महीनों से क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएँ हो रही हैं। बावजूद इसके पुलिस केवल ‘मौके का मुआयना’ कर खानापूर्ति कर रही है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते गश्त और निगरानी बढ़ाई गई होती तो ऐसी वारदातें न होतीं।
गाँव में फैले डर और आक्रोश के बीच अब ग्रामीण खुलकर प्रशासन से सवाल पूछ रहे हैं —
“आख़िर कब थमेगा चोरों का आतंक?”


