
संवाददाता सचिन पाण्डेय
उन्नाव।। जनपद के थाना अजगैन पुलिस ने बैंक के बाहर लोगों से रुपये चुराने वाले एक अंतरजनपदीय महिला गिरोह का पर्दाफाश किया है। गैंग बनाकर वारदात को अंजाम देने वाली 6 महिला अभियुक्ताओं को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी के 30,000 रुपये भी बरामद किए हैं।
मामला 24 जुलाई 2025 का है, जब प्रार्थिनी रानी पत्नी स्व. शिबबहादुर सिंह, निवासी ग्राम कुशम्भी, थाना अजगैन ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह BOI बैंक, नवाबगंज से पैसे निकालने आई थीं। इसी दौरान कुछ अज्ञात लड़कियों ने उनकी 20,000 रुपये की नकदी चोरी कर ली थी।
मामले में थाना अजगैन में चोरी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच कर आरोपी महिलाओं की पहचान की और 31 जुलाई 2025 को पंक्षी विहार रिंग रोड पुलिया के पास से उन्हें गिरफ्तार किया। गिरफ्तार महिलाएं मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले की रहने वाली हैं जिन्होंने अपने नाम- रेनू पत्नी प्रमोद सासी (40 वर्ष), वर्षा पत्नी आशीष (25 वर्ष),करीना पत्नी सावंत (22 वर्ष)
,ललिता पत्नी राम भरोसे (50 वर्ष)
, सवाना पत्नी व्रजेश (22 वर्ष)
व सन्जो पत्नी गोविन्द (40 वर्ष)बताया।
पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में महिलाओं ने बताया कि वे ऑटो बुक करके एक जगह कैम्प बनाकर रहती हैं और आस-पास के क्षेत्रों में बैंक के बाहर रैकी कर लोगों को निशाना बनाती हैं, खासकर बुजुर्ग और कमजोर व्यक्तियों को। उनके द्वारा उ.प्र. के कई जनपदों में बीते 10 वर्षों से लगातार चोरी की घटनाएं की जा रही हैं।
पहले की वारदातें भी आईं सामने
14 जुलाई 2025 को बांगरमऊ स्थित BOI बैंक में रामस्वरूप नामक व्यक्ति से 50,000 रुपये की चोरी की थी। बीघापुर थानाक्षेत्र के सिकंदरपुर स्थित आर्यवर्त बैंक शाखा से 30,000 रुपये निकालकर जा रहे व्यक्ति से चोरी भी चोरी हुई थी। इन घटनाओं में भी इन महिलाओं की संलिप्तता पाई गई है। पुलिस ने गिरफ्तारियों के आधार पर मुकदमों में धारा 112/317(2) BNS की बढ़ोतरी करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक की सराहना
इस सफल अनावरण को लेकर जनपद पुलिस की सराहना हो रही है। एसपी उन्नाव दीपक भूकर के निर्देशन में जिले में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई किए जाने के साथ ही बैंकों के आसपास सतर्कता बढ़ाने और आम नागरिकों को जागरूक करने की आवश्यकता एक बार फिर उजागर हुई है


