
जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव जिले के बांगरमऊ नगर स्थित लखनऊ रोड चौराहे से एक बेहद अजीब और चिंताजनक घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें एक युवक बीच सड़क पर शर्ट और पैंट उतारकर सांड़ से भिड़ता नजर आया। यह वीडियो अब इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और स्थानीय प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठा रहा है। क्या है मामला? इस घटनाक्रम में सड़क से गुजर रहे लाल रंग के एक सांड़ को देखकर एक युवक ने अचानक अपनी शर्ट और फिर पैंट उतार दी और सांड़ का रास्ता रोककर उससे भिड़ गया। कभी वह उसकी सींग पकड़ता, कभी कान पकड़कर पीछे धकेलने की कोशिश करता तो कभी सड़क पर ताल ठोकते हुए गदा युगीन अंदाज़ में सांड़ को ललकारता नजर आया। वीडियो बनाते रहे लोग, यातायात रहा ठप इस पूरे घटनाक्रम के दौरान चौराहे पर भारी संख्या में लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी युवक को हटाने का प्रयास नहीं किया। अधिकांश लोग मोबाइल कैमरे से वीडियो रिकॉर्ड करने में व्यस्त नजर आए। देखते ही देखते लगभग एक किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जामलग गया। होमगार्ड पीछे हटा, पुलिस जांच में जुटी घटनास्थल पर मौजूद एक होमगार्ड ने शुरुआत में युवक को हटाने की कोशिश की लेकिन युवक के आक्रामक और असामान्य व्यवहार को देख वह भी पीछे हट गया। गनीमत रही कि सांड़ ने युवक पर कोई जानलेवा हमला नहीं किया, अन्यथा यह एक बड़ी दुर्घटना में बदल सकता था। मानसिक रूप से विक्षिप्त या नशे में? कोतवाली प्रभारी चंद्रकांत सिंह ने बताया कि युवक मानसिक रूप से मंदित प्रतीत होता है, हालांकि इस संबंध में पुलिस जांच जारी है। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक शायद नशे में था, क्योंकि उसका व्यवहार अजीब और असंतुलित लग रहा था।
प्रशासन पर उठे सवाल
इस घटना ने न सिर्फ सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि यह भी दिखाया कि किस तरह भीड़ केवल तमाशबीन बनकर रह जाती है, जब किसी को मदद की जरूरत होती है। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और ट्रैफिक प्रबंधन व्यवस्था को लेकर भी लोगों में नाराजगी है
एक ओर जहां युवक की जान खतरे में थी, वहीं दूसरी ओर भीड़ की संवेदनहीनता और प्रशासन की सुस्ती ने पूरे घटनाक्रम को और भी ज्यादा शर्मनाक बना दिया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो के बाद अब स्थानीय प्रशासन हरकत में आया है और युवक की पहचान व मानसिक स्थिति की जांच की जा रही है।
ऐसी घटनाएं हमें यह सोचने पर मजबूर करती हैं कि कहीं भीड़ की ‘वीडियो बनाने की लत’ इंसानियत से कहीं बड़ी तो नहीं होती जा रही?

