
संवाददाता सचिन पाण्डेय
उन्नाव, 16 जुलाई
उन्नाव के कल्याणी मोहल्ला में बुधवार दोपहर करीब 12 बजे एक दर्दनाक घटना सामने आई, जब मानसिक तनाव से जूझ रहे एक पिता ने अपने दिव्यांग पुत्र के साथ गंगा नदी में छलांग लगा दी।
कल्याणी मोहल्ला निवासी ब्रजकिशोर अस्थाना अपने बेटे शोभित अस्थाना के साथ गंगा घाट पहुंचे थे। कुछ देर घाट पर बैठने के बाद उन्होंने अचानक बेटे के साथ नदी में छलांग लगा दी।
मौके पर मौजूद ग्रामीणों और स्नान कर रहे श्रद्धालुओं ने तत्काल सतर्कता दिखाई और दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी स्थिति सामान्य बताई। उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, ब्रजकिशोर लंबे समय से पारिवारिक कलह, आर्थिक तंगी और दिव्यांग पुत्र की देखभाल की जिम्मेदारियों से मानसिक रूप से परेशान थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

