
जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव। जिले के मौरावां थाना क्षेत्र में एक युवक का शव बबूल के पेड़ पर फांसी के फंदे में लटका मिला। मृतक की पहचान रामदास खेड़ा मजरा महारानी खेड़ा निवासी करन (23) के रूप में हुई है।करन की मां श्यामा देवी ने बताया कि वह रोजाना की तरह रात में खाना खाकर खेत की तरफ घूमने गया था। देर रात तक घर न लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश की। अगली सुबह उसका शव गांव से दूर बाग में बबूल के पेड़ पर लटका मिला। करन चार बहनों का इकलौता भाई था और सभी बहनों की शादी हो गई थी। उसके पिता टीबी से पीड़ित हैं और मां ब्रेन ट्यूमर से जूझ रही हैं। परिवार की जिम्मेदारी के कारण करन ने 7वीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी। वह पहले मजदूरी करता था और बाद में टाइल्स मिस्त्री बन गया था। इससे वह परिवार का भरण-पोषण कर रहा था।स्थानीय लोगों के अनुसार, करन का गांव की एक लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। हालांकि, मौत का स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। मौरावां थाना प्रभारी कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

