
अमेठी, 12 जून 2025। 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 15 से 21 जून तक जनपद में योग सप्ताह मनाया जाएगा। इसी संबंध में जिलाधिकारी संजय चौहान की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में तैयारी और समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में डीएम ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने स्तर पर माइक्रोप्लान तैयार कर योग सप्ताह को व्यापक स्तर पर सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए और लोगों को योग के प्रति जागरूक किया जाए ताकि वे इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना सकें।

जिलाधिकारी ने कहा कि योग सिर्फ एक दिन का आयोजन न होकर निरंतर अभ्यास की जीवन शैली बने — “करें योग, रहें निरोग” का संदेश हर व्यक्ति तक पहुँचे। उन्होंने साफ-सफाई, शौचालय, पेयजल और बैठने की उत्तम व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में 21 जून को जवाहर नवोदय विद्यालय में होने वाले मुख्य योग कार्यक्रम की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। योगाभ्यास के सभी स्थलों पर फोटो और दस्तावेजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
योग सप्ताह के तहत सभी तहसीलों, विकास खंडों, नगर निकायों, सीएचसी/पीएचसी, विद्यालयों और पंचायत भवनों पर योग कार्यक्रम आयोजित होंगे।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सूरज पटेल, एडीएम अर्पित गुप्ता, सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह, डीवीओ वीरभानु सिंह, यूनानी अधिकारी डॉ. अनीता गुप्ता, और नोडल अधिकारी डॉ. अनुपम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


