
संवाददाता सचिन पाण्डेय
उन्नाव। आगामी ईद-उल-अजहा पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जनपद प्रशासन व पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर, अपर जिलाधिकारी सुशील कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी अखिलेश सिंह, उपजिलाधिकारी सदर तथा क्षेत्राधिकारी नगर सोनम सिंह ने मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त कर स्थिति का जायजा लिया।

थाना कोतवाली सदर क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त के दौरान पुलिस बल के साथ अधिकारियों ने आम जनमानस से संवाद कर शांति बनाए रखने की अपील की। इसके बाद टीम ने बड़ी ईदगाह पत्थर कॉलोनी का निरीक्षण किया और वहां की सुरक्षा व्यवस्था का गहन मूल्यांकन किया।
निरीक्षण के दौरान त्योहार के मद्देनज़र सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों ने सम्बंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने साफ किया कि किसी भी प्रकार की अफवाह या अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है।
अधिकारियों ने कहा कि सभी थानों को संवेदनशील स्थानों पर सतर्क दृष्टि रखने और स्थानीय लोगों से सामंजस्य बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि त्योहार शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।



