
अमेठी। जनसमस्याओं के समाधान के लिए जनसुनवाई एक प्रभावी माध्यम है और प्रशासन इस दिशा में पूरी तरह संजीदा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी संजय चौहान ने आज कलेक्ट्रेट कार्यालय में आमजन की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी-अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं, जिनमें भूमि विवाद, पुलिस, पेंशन, आवास, विद्युत आपूर्ति, सड़क, राजस्व संबंधी मुद्दे आदि प्रमुख रहे। जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी श्री चौहान ने स्पष्ट रूप से कहा कि सभी विभागीय अधिकारी शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि प्रत्येक प्रकरण की निगरानी व्यक्तिगत रूप से की जाए और समाधान की प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित हो। उन्होंने यह भी कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को त्वरित राहत मिलनी चाहिए, जिससे प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास बना रहे।

