
लखनऊ।।केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को राज्य विशेष में रेलवे के विकास और केंद्रीय बजट 2025-26 में रेलवे को मिले आवंटन को लेकर क्षेत्रीय मीडिया से संवाद किया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस संवाद में उन्होंने उत्तर प्रदेश के लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, आगरा, मुरादाबाद, इज्जतनगर (बरेली) और झांसी के पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में रेलवे के विकास के लिए इस बार के केंद्रीय बजट में 19,858 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं, जो 2009-14 के मुकाबले 18 गुना अधिक है।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश में रेलवे के विभिन्न परियोजनाओं के तहत कुल 1,04,000 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। इसमें 157 अमृत स्टेशन, नई रेलवे लाइनों का निर्माण और हाई-स्पीड रेल परियोजनाएं शामिल हैं। पिछले 10 वर्षों में प्रदेश में 5,209 किलोमीटर नए रेल ट्रैक बिछाए गए हैं, जो स्विट्जरलैंड के कुल रेल नेटवर्क के बराबर है। इसी दौरान 6,064 किलोमीटर ट्रैक का विद्युतीकरण किया गया, जिससे उत्तर प्रदेश 100% इलेक्ट्रिफाइड राज्य बन गया है। वर्तमान में 70 नई रेल परियोजनाएं संचालित हो रही हैं, जिनकी कुल लंबाई 5,958 किलोमीटर और लागत 96,283 करोड़ रुपये है।
रेल मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में रेलवे की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए ‘कवच’ प्रणाली को तेजी से लागू किया जा रहा है। अभी तक 2,043 रूट किलोमीटर में यह प्रणाली सक्रिय की जा चुकी है, जबकि कुल 4,876 किलोमीटर में इसे लागू किया जाना है। वर्ष 2014 से अब तक राज्य में 1,568 रेलवे फ्लाईओवर और अंडरब्रिज का निर्माण किया गया है, जिससे रेलवे क्रॉसिंग पर दुर्घटनाओं में कमी आई है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में उत्तर प्रदेश में 14 वंदे भारत ट्रेनों का संचालन हो रहा है, जो 20 जिलों को कवर करते हुए 25 प्रमुख स्टेशनों पर ठहरती हैं। इसके अलावा, दरभंगा-आनंद विहार टर्मिनल के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस की शुरुआत की गई है, जो 10 जिलों से होकर गुजरती है और 10 स्टेशनों पर रुकती है।
उत्तर प्रदेश के 157 रेलवे स्टेशनों को ‘अमृत स्टेशन’ के रूप में विकसित किया जा रहा है। इनमें आगरा कैंट, अलीगढ़, अयोध्या धाम, गोंडा, गोरखपुर, कानपुर, लखनऊ, वाराणसी और प्रयागराज जैसे प्रमुख स्टेशन शामिल हैं। इन स्टेशनों को आधुनिक यात्री सुविधाओं से लैस किया जाएगा, जिनमें अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, लिफ्ट, एस्केलेटर और वाई-फाई की सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
रेल मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में रेलवे को नई ऊंचाइयों पर ले जाया जा रहा है। बजट 2025-26 के माध्यम से रेलवे को और अधिक मजबूत व आधुनिक बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं, जिससे यात्रियों को सुविधाजनक, सुरक्षित और तेज रेल यात्रा का अनुभव मिलेगा।

