
उन्नाव।जनपद में तीन से 31 अक्टूबर तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा है | जिसके तहत स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा संचारी रोगों से बचाव के लिए कई गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं | इसी क्रम में इन्हीं गतिविधियों पर आधारित बृहस्पतिवार को शासन से जारी रैंकिंग में उन्नाव ने पूरे प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया है | पहला स्थान सहारनपुर और दूसरा गाज़ियाबाद ने हासिल किया है |
इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. सत्यप्रकाश ने खुशी जाहिर की और उन्होंने अभियान से जुड़े विभाग के जिला स्तरीय अधिकारियों से लेकर समुदाय में काम करने वाले कार्यकर्ताओं को बधाई दी और कहा कि हमे प्रयास करना है कि हम पहले स्थान पर आयें और अभियान के अंत तक इसपर काबिज रहें | सभी के सम्मिलित प्रयासों से ही यह अभियान सफल हो पाएगा |
राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी और अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. जे0आर0 सिंह ने कहा कि इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग सहित 12 अन्य विभाग शामिल हैं और स्वास्थ्य विभाग नोडल की भूमिका में है | स्वास्थ्य विभाग के तहत आशा कार्यकर्ता द्वारा घर घर जाकर समुदाय को संचारी रोगों से बचाव के लिए समुदाय को जागरूक कर रही हैं | शिक्षा विभाग के तहत शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को संचारी रोगों से बचाव के लिए क्या करें क्या न करें के लिए जागरूक किया जा रहा है | शहरी विकास विभाग द्वारा एंटी लार्वा स्प्रे का छिड़काव और फॉगिंग तथा नालों की सफाई की जा रही है | पशुपालन विभाग द्वारा सूकर पालकों को साफ सफाई रखने और सूकरबाड़ों को घर से दूर बनाने के लिए जागरूक किया जा रहा है | इसी तरह से अन्य विभागों द्वारा गतिविधियों को संपादित किया जा रहा है |इन गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन की वजह से ही जनपद को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है |



