
उन्नाव। विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी 15 अगस्त 2023 को पूरी भव्यता के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाए जाने के उद्देश्य से पन्नालाल सभागार में अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) नरेन्द्र सिंह की अध्यक्षता एवं एएसपी शशि शेखर सिंह की उपस्थिति में विभागवार कार्याक्रमों के निर्धारण हेतु बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) द्वारा जानकारी दी गयी कि स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर समस्त सरकारी भवन, समस्त औद्योगिक प्रतिष्ठान तथा शहीद चन्द्रशेखर आजाद बदरका, डौडिया खेड़ा में राजा राव रामबक्श सिंह, बक्सर स्थित शहीद स्मारक व शहीद चन्द्रिका बक्श सिंह स्मारक बेंथर के स्थान प्रकाशमान किये जाएंगे। विद्यालयों में प्रभात फेरी तथा सरकारी भवनों के सम्मुख रक्षित पार्को, शिक्षण संस्थाओं, ब्लाक प्रांगण, अन्य सरकारी व गैर सरकारी प्रतिष्ठानों तथा ग्राम पंचायतों में शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य 10 लाख के मुताबिक वृक्षारोपण कराया जाएगा। जिला चिकित्सालय पुरुष/महिला एवं जिला कारागार में रक्तदान, फल वितरण, स्वास्थ्य परीक्षण आदि कार्यक्रम कराए जाएं। समस्त सरकारी/गैर सरकारी भवनों व स्कूलों पर प्रातः 8ः00 बजे से ध्वजारोहण व राष्ट्रगान आदि कार्यक्रम सम्पन्न होंगे। उन्होंने सभी नगर निकायों को निर्देश दिए हैं कि जनपद में स्थित शहीद स्मारकों व महापुरूषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई कर माल्यार्पण सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने समस्त अधिकारियों व कर्मचारियांे को सख्त निर्देश दिए हैं कि झण्डा फहराने में झण्डा संहिता का अक्षरशः पालन सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने समस्त उप जिलाधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस सेनानियों के निवास पर जाकर उनके आश्रितों को सम्मानित किया जाए।
इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों में सिर्फ औपचारिता न हो बल्कि इन्हें गम्भीरता से लिया जाए। प्रत्येक कार्यक्रम में विशेष सावधानी बरती जाए तथा निर्धारित समय सीमा के अन्तर्गत सम्पन्न कराए जाएं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर अमर शहीदों का सम्मान बहुत जरूरी है, उन्ही की कुर्बानियों की वजह से ही हम सब आज अपने लोकतंत्र का आनन्द ले रहे हैं। उन्होंने सीओ यातायात को निर्देश दिए कि स्वतंत्रता दिवस पर होने वाले कार्यक्रमोें के दृष्टिगत शहर की यातायात व्यवस्था दुरूस्त रखी जाए।
