
सचिन पाण्डेय
उन्नाव। उत्तर प्रदेश शासन (स्वच्छकार विमुक्ति एवं पुुुर्नावासन अधिनियम 2013 के अन्तर्गत गठित) राज्य स्तरीय निगरानी समिति की सदस्य पूजा वाल्मीकि द्वारा जनपद भ्रमण के दौरान पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस, उन्नाव में जन कल्याणकारी योजनाओं से सम्बंधित विभागीय अधिकारियों के साथ सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गयी।
समीक्षा के दौरान सदस्या ने कहा कि जनपद में कोई भी अंतोदय परिवार सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने से वंचित न रहे। उन्होंने समाज कल्याण अधिकारी, विकास से जनपद में सिर पर मैला ढोने/हाथ से मैला उठाने वाले स्वच्छकारों तथा लाभार्थियों के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। इस विषय में जानकारी के मुताबिक पूरे जनपद उन्नाव में मात्र 4 पात्र लाभार्थी ही पाए गए। इसको लेकर सदस्या ने कहा कि यह संबंधित अधिकारियों की खराब कार्यशैली का ही परिणाम है। इससे ज्ञात होता है कि हाथ से मैला उठाने वाले स्वच्छकारों के साथ अन्याय किया गया है। इसकी जांच शासन स्तर से कराई जाएगी और दोषी अधिकारियों के विरूद्ध कड़ी से कड़ी कार्यवाही होगी।

