
उन्नाव।काम के सिलसिले में सीतापुर जा रहे उन्नाव के गंगाघाट थाना प्रभारी राघवेन्द्र प्रताप सिंह की स्विफ्ट कार में तेज़ रफ्तार डीसीएम ने थाना बेनीगंज हरदोई-सीतापुर रोड पर थाना बेनीगंज अन्तर्गत प्रतापनगर चौराहे से कुछ दूर भदाहा पुलिया के पास टक्कर मार दी। हादसे में इंस्पेक्टर और कार ड्राइवर दोनों बुरी तरह ज़ख्मी हो गए। आनन-फानन में दोनों को पहले सीएचसी ले जाया गया। जहां से लखनऊ ट्रामा सेन्टर के लिए रेफर कर दिया गया। इंस्पेक्टर राघवेन्द्र प्रताप सिंह की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस बारे में एसएचओ बेनीगंज सुनील दत्त कौल का कहना है कि हादसे की जांच की जा रही है।
घटना क्रम के अनुसार गुरुवार की सुबह उन्नाव जिले के गंगाघाट थाना प्रभारी राघवेन्द्र प्रताप सिंह48 पुत्र चन्द्र पाल सिंह निवासी मिर्जापुर थाना माधौगढ़ जनपद जालौन स्विफ्ट कार से सरकारी काम के सिलसिले में सीतापुर जा रहे थे। शुक्लागंज उन्नाव निवासी नीलकमल कार चला रहा था। हरदोई-सीतापुर रोड पर बेनीगंज कोतवाली के प्रतापनगर चौराहे से कुछ दूरी पर भदाहा पुलिया के पास तेज़ रफ्तार डीसीएम ने इंस्पेक्टर की कार में इतनी ज़ोरदार टक्कर मारी कि उसके परखच्चे उड़ गए। उसके तुरंत बाद ड्राइवर डीसीएम ले कर भाग गया। इधर हादसे की खबर मिलते ही प्रतापनगर चौकी प्रभारी सुरेंद्र मिश्रा वहां पहुंचे। उसके कुछ ही देर बाद एसएचओ बेनीगंज सुनील दत्त कौल भी अपनी टीम के साथ पहुंच गए। बुरी तरह ज़ख्मी इंस्पेक्टर राघवेन्द्र प्रताप सिंह और ड्राइवर नीलकमल दोनों को एम्बुलेंस-108 से कोथावां सीएचसी ले जाया गया। वहां के डाक्टरों ने हालत बिगड़ती देख दोनों को लखनऊ के लिए रेफर कर दिया। लखनऊ ट्रामा सेंटर में कुछ देर चले इलाज के दौरान इंस्पेक्टर राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना पर पत्नी पूनम व पुत्र शिवम् तथा अनुज बेटी शिवानी लखनऊ ट्रामा सेंटर पहुंच गये। इस दौरान उन्नाव थाना दही चौकी प्रभारी अनुराग सिंह, सिपाही नरेन्द्र व इमरान एवं पुलिस महकमे से कई दरोगा सिपाही ट्रामा सेन्टर पहुंच गये।

लखनऊ में पोस्टमार्टम के बाद शव उन्नाव स्थित शहीद स्मारक स्थल लाया गया। जहां सदर विधायक पंकज गुप्ता,जिलाअधिकारी अपूर्वा दुबे, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ शंकर मीणा , अपर पुलिस अधीक्षक शशिशेखर सिंह, सी ओ नगर आशुतोष , एल आई यू इन्स्पेक्टर शैलेश, सांसद प्रतिनिधि अमितेश सिंह नंदू सहित सभी क्षेत्राधिकारियो व निरीक्षकों , थानेदारों पुलिस महमे के तमाम व सिपाहियों , पत्रकारों तथा विभिन्न दलों के नेताओ, समाजसेवीयो ने पुष्पांजलि अर्पित कर अश्रुपूरित नमः आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की। जहां दिवंगत आत्मा के लिए शान्ति प्रार्थना की गई। सेरेमोनियल गार्द द्वारा शोक सलामी दी गई।श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद पुलिस अधीक्षक , अपर पुलिस अधीक्षक, सभी सीओ ने कंधा देकर अन्तिम विदाई दी। पुलिस लाइन में दिवंगत राघवेन्द्र सिंह के पिता चंद्रपाल सिंह, मां कृष्णा , पत्नी पूनम, भाई शिवबरन सिंह, पुत्री व पुत्रो तथा परिवारीजनो का रूदन देख वहां मौजूद सभी लोगों की आंखें नम हो गयी।हादसे से पुलिस महकमे व पत्रकारों में दुख की लहर है।
