
संवाददाता इरफान कुरैशी,
लखनऊ। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के उत्तरी जोन के थाना मड़ियांव पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने एक नाबालिग पीड़िता को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और उस पर जबरन धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के मामले में वांछित चल रहे शातिर अभियुक्त मोहम्मद कासिफ खान को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पेशे से मजदूर का काम करता है।
इस मामले में पीड़ित पक्ष ने 11 जून 2026 को मड़ियांव थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें आरोप था कि करीब 15 वर्षीय नाबालिग बेटी को प्रेम जाल में फंसाकर भगाया गया और उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया जा रहा था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भारतीय न्याय संहिता और उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया था।
इसके बाद 14 जून 2026 को मुखबिर की सटीक सूचना पर मड़ियांव पुलिस टीम ने नौबस्ता चौकी क्षेत्र के रामलीला मैदान के पीछे से घेराबंदी करके आरोपी कासिफ खान को गिरफ्तार कर लिया। राहत की बात यह है कि पुलिस ने अपहृत नाबालिग किशोरी को पहले ही सकुशल बरामद कर लिया था। प्रभारी निरीक्षक श्री शिवानन्द मिश्र के नेतृत्व में उप-निरीक्षक दीपक कुमार पाण्डेय और कांस्टेबल रोहित कुमार की टीम ने इस पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस अब आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर रही है और उसके आपराधिक इतिहास की भी पड़ताल की जा रही है।


