संवाददाता सचिन पाण्डेय
उन्नाव। जनपद के बिछिया पावर हाउस क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती से लोगों में भारी आक्रोश है। भीषण गर्मी में दिनभर 20-20 बार बिजली काटे जाने से आम जनता परेशान हो चुकी है। लोगों का कहना है कि जब विभाग पूरा बिजली बिल वसूल रहा है तो फिर इतनी कटौती आखिर क्यों की जा रही है?
पहले यह बहाना दिया जाता था कि खेतों में फसल खड़ी है इसलिए दिन में सप्लाई बाधित की जा रही है, लेकिन अब फसल भी नहीं है फिर भी हालात बद से बदतर बने हुए हैं। लगातार ट्रिपिंग और घंटों बिजली गायब रहने से छोटे बच्चे, बुजुर्ग और मरीज सबसे ज्यादा परेशान हैं। लोगों का आरोप है कि अधिकारी फोन तक उठाना जरूरी नहीं समझते और शिकायत के बाद भी कोई स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर यही हाल रहा तो जनता सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करने को मजबूर होगी। सवाल यही है कि आखिर इतनी गर्मी में लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ क्यों किया जा रहा है? क्या जिम्मेदार अधिकारी किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं?


