
अमेठी। पत्रकार त्रिपुरारी पाण्डेय के समर्थन में विभिन्न संगठनों द्वारा प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे जाने का क्रम लगातार जारी है। सोमवार को भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) अमेठी इकाई ने जिलाध्यक्ष हरीश उर्फ चुन्नू सिंह के नेतृत्व में एलआईयू विभाग अमेठी को ज्ञापन सौंपकर साइबर क्राइम थाना अमेठी में दर्ज मुकदमे की निष्पक्ष जांच एवं शीघ्र समाधान की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया कि पत्रकार त्रिपुरारी पाण्डेय द्वारा चलाए जा रहे आमरण अनशन को प्रशासन गंभीरता से संज्ञान में ले। संगठन ने 12 मई 2026 को उप जिलाधिकारी अमेठी को ज्ञापन दिए जाने की सूचना भी प्रशासन को दी। संगठन के अनुसार सुबह 11 बजे आयोजित कार्यक्रम में लगभग 50 कार्यकर्ता शामिल रहेंगे। संगठन ने कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु प्रशासन से सहयोग की मांग की।

वहीं मजदूर किसान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं एडवोकेट कौशल कुमार मिश्र ने भी पुलिस महानिदेशक मुख्यालय, उत्तर प्रदेश लखनऊ पहुंचकर प्रार्थना पत्र सौंपा। उन्होंने पत्रकार त्रिपुरारी पाण्डेय को न्याय दिलाने की मांग करते हुए कहा कि पीड़ित पत्रकार पिछले कई दिनों से आमरण अनशन पर बैठे हैं। प्रार्थना पत्र में मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई गई।

इस दौरान विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारों की आवाज को दबाने का प्रयास उचित नहीं है तथा मामले में निष्पक्ष एवं पारदर्शी कार्रवाई होनी चाहिए।

