
जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव।। जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र में अताउल्ला मस्जिद के पास बुधवार शाम खड़ी एक वैगनआर कार में अचानक आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी कार जलकर राख हो गई। गनीमत रही कि घटना के समय कार में कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले कार से धुआं निकलता दिखा, इसके बाद आग तेजी से फैल गई। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जल चुका था।
आग के चलते आसपास के क्षेत्र में जाम लग गया, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नियंत्रित किया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।



