फतेहपुर।। तहसील क्षेत्र के रारी गांव की एक महिला ने राशन कार्ड में परिवार के सदस्यों का नाम न जुड़ने पर जिला प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद आपूर्ति विभाग के कर्मचारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की।
ग्राम रारी निवासी प्रविनी विनिता देवी, पत्नी योगेश ने जिलाधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि उन्होंने 5 फरवरी 2026 को तहसील आपूर्ति कार्यालय में राशन कार्ड में परिवार के अन्य सदस्यों का नाम जोड़ने के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि संबंधित बाबू को प्रार्थना पत्र देने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

पीड़िता का कहना है कि जब वह विभागीय कर्मचारियों से जानकारी लेने पहुंची तो उन्हें टालमटोल किया गया और यहां तक कह दिया गया कि “सीएम तक चले जाओ, नाम नहीं बढ़ेगा।” इस व्यवहार से आहत महिला ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, आपूर्ति विभाग के निरीक्षक हरीश साहनी ने बताया कि उनके संज्ञान में इस तरह की कोई शिकायत नहीं आई है। यदि शिकायत मिलती है तो जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो स्थिति गंभीर हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से मामले में त्वरित हस्तक्षेप की मांग की है।



