
जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव। गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कोतवाली प्रभारी अजय सिंह के नेतृत्व में भारी पुलिस बल के साथ भीड़भाड़ वाले इलाकों और बाजारों में पैदल मार्च किया गया। इस दौरान आम जनता को सुरक्षा का एहसास दिलाया गया और लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई।
पैदल गश्त के दौरान पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। तीन ऑटो, दो ई-रिक्शा, एक टेंपो सहित कई मोटरसाइकिलों के चालान किए गए। साथ ही यातायात व्यवस्था का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कोतवाली प्रभारी ने सब्जी मंडी क्षेत्र का भी निरीक्षण किया, जहां सड़क पर दुकान लगाए दुकानदारों को सफेद लाइन के पीछे दुकान लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि जाम की स्थिति न उत्पन्न हो। इसके अलावा गंगाघाट स्थित शराब ठेकों का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस गश्त के साथ नगर पालिका परिषद गंगाघाट के कर्मचारी भी मौजूद रहें, तो राजधानी मार्ग पर हो रहे अतिक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।



