
फतेहपुर।।बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मड़राँव से पिछले दो महीनों से लापता नाबालिग छात्रा की बरामदगी न होने पर ‘गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक’ ने कड़ा रुख अपनाया है। आज संगठन की अध्यक्ष हेमलता पटेल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिजनों के साथ बिंदकी क्षेत्राधिकारी (सीओ ) और कोतवाल से मुलाकात कर तीखी वार्ता की और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। मामला क्षेत्र के मड़राँव ग्राम की 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा 15 जनवरी 2026 को कोचिंग पढ़ने गई थी, जहाँ से रास्ते में मोटरसाइकिल सवार नामजद अभियुक्तों द्वारा उसका अपहरण कर लिया गया। घटना के संबंध में 21 जनवरी को धारा 137(2) और 352 B.N.S. के तहत मुकदमा दर्ज होने के बावजूद पुलिस अब तक खाली हाथ है। परिजनों को आशंका है कि आरोपियों ने उनकी बेटी को बेच दिया है या उसके साथ कोई अनहोनी कर दी है। सक्रिय वार्ता के दौरान हेमलता पटेल ने पुलिस की “ढीली कार्रवाई” और “भ्रष्टाचार के संदेह” पर कड़ा आक्रोश व्यक्त किया।

संगठन ने मुख्य रूप से निम्नलिखित मांगें रखी हैं जिसमें अपहृत नाबालिग बच्ची की तत्काल और सुरक्षित बरामदगी। नामजद आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्यवाही। मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों की जवाबदेही तय करना। अध्यक्ष का कड़ा संदेश: प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई वार्ता के बाद हेमलता पटेल ने स्पष्ट शब्दों में पुलिस प्रशासन को 4 दिन का अल्टीमेटम दिया है।

उन्होंने कहा: “एक मां दो महीने से अपनी बेटी के लिए दर-दर भटक रही है, लेकिन पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। यदि 4 दिनों के भीतर हमारी बेटी बरामद नहीं हुई और दोषियों को जेल नहीं भेजा गया, तो ‘गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक’ बिंदकी कोतवाली का घेराव कर वृहद आंदोलन करने को बाध्य होगा।” पीड़ित परिवार को न्याय मिलने तक संगठन ने अपने संघर्ष को जारी रखने का संकल्प दोहराया है। प्रतिनिधि मंडल में अध्यक्ष हेमलता पटेल के साथ सरला सिंह, संयोगिता वर्मा, राजरानी दिवाकर, सरिता, सुमन तथा पीड़ित परिजन रहे



