
जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव।। शहर के नवीन मंडी क्षेत्र के पास शुक्रवार-शनिवार रात हुई मारपीट की घटना में छह माह के मासूम बच्चे की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
झांसी जिले के गुरसरांय निवासी राघवेंद्र ने बताया कि वह परिवार के साथ नवीन मंडी के पास रहते हैं। शुक्रवार रात करीब आठ बजे मोहल्ले का लड्डू राम शराब के नशे में उनके घर पहुंचा और तिरपाल पर बेल्ट से मारने लगा। विरोध करने पर उसने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी और महिलाओं से भी अभद्रता की।
परिजनों के अनुसार इसी दौरान एक महिला की गोद में मौजूद छह माह के बच्चे को लात लग गई, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। झगड़े में राघवेंद्र के सिर पर भी बेल्ट से वार किया गया, जिससे वह घायल हो गए।
घायल बच्चे को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है, जबकि दूसरा आरोपी फरार बताया जा रहा है।



