
उदय फाउंडेशन (अप्लिफ्टमेंट एंड डेवलपमेंट ऑफ़ युथ ) द्वारा गुरुवार को एकता विद्यालय इंटर कॉलेज में “प्रोजेक्ट शिक्षा और सुरक्षा” के अंतर्गत एक जागरूकता एवं शैक्षणिक कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को बाल यौन अपराधों से संरक्षण अधिनियम (POCSO), साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा नियमों, तथा कानूनी व शैक्षणिक जागरूकता के प्रति सजग करना था। उदय फाउंडेशन के सदस्यों ने छात्रों से संवादात्मक तरीके से बातचीत करते हुए उन्हें सुरक्षित व्यवहार, डिजिटल सतर्कता और यातायात नियमों के महत्व की जानकारी दी।
POCSO जागरूकता सत्र में छात्रों को अच्छे और बुरे स्पर्श की पहचान, अपनी सुरक्षा के अधिकार तथा किसी भी अनुचित स्थिति में सही सूचना देने के तरीकों पर मार्गदर्शन दिया गया। साइबर सुरक्षा सत्र में ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और डिजिटल जिम्मेदारी पर विशेष जोर दिया गया। वहीं सड़क सुरक्षा सत्र में हेलमेट, सीट बेल्ट, गति सीमा और यातायात नियमों के पालन को जीवन रक्षक बताया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों की भागीदारी उल्लेखनीय रही और उन्होंने विषयों को लेकर जिज्ञासा एवं रुचि दिखाई। विद्यालय के शिक्षकों ने भी इस पहल को छात्रों के समग्र विकास के लिए उपयोगी बताया।
एकता विद्यालय इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य एवं स्टाफ ने उदय फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को जागरूक, जिम्मेदार और कानून के प्रति संवेदनशील नागरिक बनाने में सहायक होते हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन के उपलक्ष्य में विद्यालय को प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किया गया।
उदय फाउंडेशन ने विद्यालय प्रशासन के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था भविष्य में भी शिक्षा, कानूनी जागरूकता और युवाओं के विकास से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए कार्य करती रहेगी।




