
फतेहपुर। खागा तहसील क्षेत्र के खागा कोतवाली अंतर्गत खैरई गांव में एक किसान परिवार की जमीन पर जबरन कब्जा किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता कुसमा देवी पत्नी रोशन ने आरोप लगाया है कि उनकी अचक की 0.160 हेक्टेयर जमीन पर दबंग द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर निर्माण कार्य कराया जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी मौन साधे हुए हैं।
पीड़िता के अनुसार, पति के भाई चंद्रपाल द्वारा बेची गई जमीन के बगल में स्थित उनकी भूमि को तथाकथित दबंग राजकुमार निवासी आलमपुर गेरिया थाना खखरेरू द्वारा जबरन दबाया जा रहा है। आरोप है कि उक्त व्यक्ति उनकी जमीन को अपने कब्जे में लेकर मकान का निर्माण करवा रहा है।
कुसमा देवी का कहना है कि इस संबंध में उन्होंने कई बार स्थानीय प्रशासन से शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। पीड़ित परिवार ने स्थानीय नायब तहसीलदार एवं खागा कोतवाली पुलिस पर संरक्षण देने का भी गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि अधिकारियों की शह पर ही निर्माण कार्य जारी है।
पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक से भी की है और कई बार प्रार्थना पत्र देकर निर्माण कार्य तत्काल रोकने व दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
गांव में इस मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पीड़ित परिवार का आरोप है कि यदि समय रहते प्रशासन ने हस्तक्षेप नहीं किया तो उनकी पूरी जमीन पर अवैध कब्जा हो जाएगा।
अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर आरोप पर क्या रुख अपनाता है और पीड़ित किसान परिवार को न्याय मिल पाता है या नहीं।।



