
उन्नाव।। जनपद के हसनगंज कोतवाली क्षेत्र में ताला सराय गांव के पास लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे की सर्विस लाइन पर तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान ताला सराय निवासी 25 वर्षीय रिंकू पुत्र बिरजू उर्फ बृजलाल के रूप में हुई है। सोमवार शाम करीब 4 बजे वह बाइक से शाहपुर तोदा मार्केट जा रहा था। इसी दौरान मटेरिया की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
रिंकू तीन भाइयों में मंझला था। उसके परिवार में पत्नी अंजू, मां राजरानी और दो वर्षीय बेटी खुशबू हैं। घटना से परिवार में शोक का माहौल है। कोतवाल शरद कुमार ने बताया कि टक्कर मारने वाले पिकअप को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।


