
कन्नौज: शहर के मुख्य सड़कों की हालत अब बद से बदतर होती जा रही है। लाखन तिराहा से बड़ा बाजार होते हुए नगर पालिका कार्यालय तक जाने वाली करीब पांच किलोमीटर की सड़क अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही है। मुख्य बाजार और नगर पालिका के बिल्कुल करीब होने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों का इस ओर ध्यान न देना प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। शहर का मुख्य बाजार होने के बावजूद सड़क की हालत काफी खराब है। सड़क की ऊपरी सतह पूरी तरह उखड़ गई है, जिससे जगह-जगह नुकीले पत्थर बाहर निकल आए हैं। पैदल चलने वाले राहगीरों, खासकर बुजुर्गों और बच्चों के लिए इस सड़क पर चलना किसी मुसीबत से कम नहीं है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह सड़क अब सड़क न रहकर दुर्घटना जोन बन चुकी है। इस संबंध में नपा ईओ श्याम माेहन चौधरी ने बताया कि सड़क की जल्द ही मरम्मत कराई जाएगी।
मुख्य बाजार और पालिका के पास भी उपेक्षा
लाखन तिराहा से बड़ा बाजार और नगर पालिका को जाने वाली यह सड़क शहर का व्यापारिक केंद्र है। बाजार होने के कारण यहां दिनभर हजारों लोगों और व्यापारियों का आवागमन रहता है। साथ ही, नगर पालिका प्रशासन का कार्यालय भी इसी मार्ग पर स्थित है। इसके बावजूद अधिकारी रोजाना इन्हीं गड्ढों से होकर गुजरते हैं, लेकिन समस्या का संज्ञान लेने की जहमत नहीं उठा रहे।
स्थानीय व्यापारियों में आक्रोश
व्यापारियों ने बताया कि सड़क के पुन:निर्माण के लिए कई बार लिखित शिकायतें दे चुके हैं और जनसुनवाई में भी शिकायत कर चुके हैं। लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती। दुकानदारों का कहना है कि उड़ती धूल और गड्ढों के कारण व्यापार प्रभावित हो रहा है, साथ ही आए दिन ई-रिक्शा और बाइक सवार यहां गिरकर चोटिल हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही सड़क का निर्माण शुरू नहीं हुआ, तो वे नगर पालिका के खिलाफ बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे



