
जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव।।उन्नाव के नवाबगंज ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम सभा जगदीशपुर में नहर पर बनी यह पुलिया अब पुलिया कम, हादसों का जाल ज्यादा बन चुकी है। रोज़ इसी रास्ते से ग्रामीण, स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और किसान गुजरते हैं, लेकिन टूटी हुई पुलिया किसी भी समय किसी की जिंदगी निगल सकती है।

नहर विभाग के जिम्मेदार अधिकारी कागजों में निरीक्षण कर अपनी जिम्मेदारी पूरी मान लेते हैं, जबकि जमीनी हकीकत यह है कि पुलिया दिन-ब-दिन और जर्जर होती जा रही है।
जरा सोचिए, जब स्कूली बच्चे इस पुलिया से गुजरते होंगे तो उनके माता-पिता के दिल पर क्या गुजरती होगी। बारिश के दिनों में यह खतरा और बढ़ जाता है। अगर कोई बाइक या साइकिल फिसल जाए, तो सीधा नहर में गिरने का खतरा है।
क्या नहर विभाग किसी बड़ी मौत का इंतजार कर रहा है?
क्या प्रशासन की नींद किसी हादसे के बाद ही खुलेगी?
आखिर किसकी जिम्मेदारी है इस पुलिया की मरम्मत की?
यह लापरवाही नहीं, यह सीधा-सीधा ग्रामीणों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ है। सरकारी विभागों की सुस्ती का खामियाजा आखिर आम जनता कब तक भुगतेगी?
प्रशासन से मांग करता है कि तत्काल इस टूटी पुलिया की मरम्मत कराई जाए, ताकि किसी भी निर्दोष की जान खतरे में न पड़े।



