
संवाददाता इरफान कुरैशी,
लखनऊ। राजधानी की महानगर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दुकानों के ताले तोड़कर चोरी करने वाले दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी की गई नगदी भी बरामद की है। यह कार्रवाई 3 फरवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर हनुमान सेतु मंदिर के पास निर्माणाधीन पुल के पास से की गई।
बीती 31 दिसंबर 2025 को तुलसीदास मार्ग चौक निवासी श्री मलय अग्रवाल ने महानगर थाने में तहरीर दी थी कि उनके ‘हिन्द पतंजलि केन्द्र जनरल स्टोर’ में अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर चोरी की है। इस शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। इस मामले में एक आरोपी आयुष को पहले ही 9 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान इस प्रकार है। अनूप मौर्य उर्फ मोनू उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम शाहपुर गौरिया, बाराबंकी (हाल पता: खदरा, लखनऊ। शमशुद्दीन उर्फ माठा: उम्र 32 वर्ष, निवासी खदरा, थाना मदेयगंज, लखनऊ।
पुलिस टीम ने गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से 3675 रुपये नगद बरामद किए हैं। पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने साथी आयुष के साथ मिलकर बादशाहनगर स्थित पतंजलि स्टोर का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया था।
महानगर पुलिस ने बताया कि इन अभियुक्तों के खिलाफ धारा 305, 331,(4) और 317 (2) बीएनएस (BNS) के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



