
संवाददाता सचिन पाण्डेय
उन्नाव। बांगरमऊ नगर में हाल ही में बनी सीसी सड़क और नाली की हकीकत परखने के लिए उप जिलाधिकारी बृजमोहन शुक्ला ने औचक निरीक्षण किया। बिना पूर्व सूचना पहुंचे एसडीएम ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, इस्तेमाल की गई सामग्री और फिनिशिंग को बारीकी से देखा। निरीक्षण के दौरान नाली के प्लास्टर में कमियां सामने आईं, जिस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को मौके पर ही सुधार कराने के निर्देश दिए। यह निर्माण कार्य बांगरमऊ नगर पालिका परिषद द्वारा लगभग एक माह पहले सराय रोड से नानामऊ मार्ग को जोड़ने वाले रास्ते पर कराया गया था।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने साफ कहा कि नालियों की मजबूती और सही ढलान बेहद जरूरी है, ताकि बरसात के समय जलभराव न हो और लोगों को परेशानी न झेलनी पड़े। उन्होंने निर्देश दिए कि नाली का प्लास्टर मानक के अनुसार मजबूत और समतल किया जाए तथा सीसी सड़क की फिनिशिंग में भी किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए।एसडीएम बृजमोहन शुक्ला ने अधिकारियों को समय सीमा तय कर काम पूरा कराने को कहा और स्पष्ट चेतावनी दी कि गुणवत्ता से समझौता किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर आगे ऐसी खामियां मिलीं तो जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के समय नगर पालिका के लिपिक रविन्द्र बाबू समेत अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे। वहीं, स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई को सही कदम बताया। नागरिकों का कहना है कि अगर समय रहते सुधार हो जाए तो सड़क और नाली दोनों लंबे समय तक टिकाऊ रहेंगी और आने-जाने के साथ जलनिकासी की समस्या से भी राहत मिलेगी। प्रशासन की सख्ती के बाद अब उम्मीद की जा रही है कि सुधार कार्य जल्द पूरा होगा और नगरवासियों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिलेंगी।

